अनरसा की टीम ने दूसरा और काफलीगैर के प्रतिभागियों ने तीसरा स्थान किया हासिल
बागेश्वर। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पीएम श्री विक्टर मोहन जोशी स्मारक राजकीय इंटर कॉलेज बागेश्वर में विद्यालयी शिक्षा विभाग उत्तराखंड के तत्वावधान में विकासखंड स्तरीय क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विकासखंड बागेश्वर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज बागेश्वर की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के प्रारंभ में स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें प्रदर्शन के आधार पर तीन सर्वश्रेष्ठ टीमों का चयन मुख्य क्विज प्रतियोगिता के लिए किया गया। मुख्य प्रतियोगिता में बहुविकल्पीय, विजुअल, एक्सटेम्पोर, रैपिड फायर और बजर राउंड के माध्यम से प्रतिभागियों की ज्ञान क्षमता, त्वरित निर्णय लेने की योग्यता और सामान्य जागरूकता का आकलन किया गया।
प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज बागेश्वर की टीम के आदित्य, ऋतिक और गौरव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अनरसा के मनीष, सरिता और अमित की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि राजकीय इंटर कॉलेज काफलीगैर की हर्षिता, अमन पांडे और प्रीति भट्ट की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में प्रभारी प्रधानाचार्य राजेश कुमार आगरी ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए ऐसी प्रतियोगिताओं को ज्ञानवर्धन और बौद्धिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम का संचालन राजीव निगम, जनपद समन्वयक एवं प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज काफलीगैर ने किया। इस अवसर पर संजय कुमार टम्टा, सुमित पंत, नेहा जोशी, सुरेश राम, आलम रामपाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।







