बागेश्वर। गरुड़ और कपकोट के बाद अब बागेश्वर ब्लॉक की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी अपनी आठ सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर आंदोलन में कूद गई हैं। कार्यकर्ताओं ने सभा कर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रही हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक केवल आश्वासन ही दिए जा रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे चुप नहीं बैठेंगी।
आंदोलनरत कार्यकर्ताओं ने मानदेय में वृद्धि, सेवानिवृत्ति पर एकमुश्त अनुदान देने, सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ाकर 62 वर्ष करने, गोल्डन कार्ड जारी करने तथा यात्रा भत्ता और ढुलान भत्ता बढ़ाने सहित आठ सूत्रीय मांगों को पूरा करने की मांग उठाई।
इस दौरान कपकोट ब्लॉक अध्यक्ष नीमा जोशी ने कहा कि सरकार हर साल स्थापना दिवस के अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मांगें पूरी करने का आश्वासन देती है, लेकिन आज तक उन आश्वासनों को धरातल पर नहीं उतारा गया। लगातार उपेक्षा के कारण कार्यकर्ताओं को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
इस मौके पर कमला दानू, दीपा आर्या, किरन गढ़िया, प्रभा करगा, माया भवानी, पार्वती, चम्पा गढ़िया, ममता गढ़िया, सरला कोरंगा, बीना आर्या, निर्मला कोरंगा, सरस्वती शाही, विमला जोशी, माया कोरंगा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
उधर, गरुड़ ब्लॉक मुख्यालय में भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर धरना दिया।







