logo

बागेश्वर में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान, गोष्ठी का भी हुआ आयोजन

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तत्वावधान में जिले भर में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक गोष्ठी का भी आयोजन किया गया, जिसमें जिले की स्वास्थ्य सेवाओं और आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक बागेश्वर पार्वती दास, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या एवं नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय योगदान देने वाली सात आशा कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विधायक पार्वती दास ने कहा कि आशा कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं। वे विषम परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करती हैं। गर्भवती महिलाओं की देखभाल, टीकाकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में उनकी भूमिका सराहनीय है। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय से संबंधित मांगों को शासन स्तर पर रखा जाएगा और इस विषय को विधानसभा में भी उठाया जाएगा, ताकि उन्हें उनके परिश्रम का उचित सम्मान और लाभ मिल सके। वहीं सम्मानित आशा कार्यकर्ता चंद्रकला जोशी और प्रतिभा जोशी ने कहा कि यह सम्मान उन्हें और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद वे लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का प्रयास करती हैं। सरकार और विभाग द्वारा मिला यह सम्मान उनके लिए गर्व की बात है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में सभी ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  डोबरगाड़ा में टूटी सुरक्षा दीवार से बढ़ा हादसे का खतरा, ग्रामीणों ने लगाई मरम्मत की गुहार
Ad
Share on whatsapp