कपकोट में 5 फरवरी से राष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी चैंपियनशिप, 96 पायलटों ने कराया पंजीकरण
बागेश्वर: उत्तराखंड के बागेश्वर जनपद के कपकोट क्षेत्र में स्थित केदारेश्वर मैदान में 5 फरवरी से 9 फरवरी 2026 तक राष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी चैंपियनशिप प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता जिले में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद एवं जिला प्रशासन बागेश्वर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के लिए देशभर से 96 पायलटों ने पंजीकरण कराया है। इनमें से लगभग 50 से 60 चयनित प्रतिभागी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। उत्तराखंड के अलावा हिमाचल प्रदेश, शिलांग, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, गुजरात तथा बी.एस.एफ. की टीमों के पायलट भी इसमें शामिल होंगे।
प्रतियोगिता जालेख की पहाड़ी से उड़ान भरकर केदारेश्वर मैदान में सटीक लैंडिंग पर आधारित होगी, जिसमें प्रतिभागियों की उड़ान क्षमता, संतुलन और नियंत्रण कौशल की परीक्षा ली जाएगी।
विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार पचास हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार तीस हजार रुपये रखा गया है।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और विभिन्न राज्यों से पैराग्लाइडर कपकोट पहुंचने लगे हैं। आयोजन स्थल पर सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा, तकनीकी टीम और दर्शकों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग का मानना है कि इस आयोजन से क्षेत्र में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।
स्थानीय लोगों और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों में प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह है। सभी को उम्मीद है कि इस आयोजन से कपकोट क्षेत्र राष्ट्रीय स्तर पर पैराग्लाइडिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में पहचान बनाएगा।








