बागेश्वर। नगर पालिका परिषद बागेश्वर द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के तहत सैम मंदिर वार्ड में स्वच्छता जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए नगर को साफ-सुथरा बनाए रखने का आह्वान किया गया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी वी.एस. जीना ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग रखने की आदत विकसित करने और कूड़ा निर्धारित स्थान यानी कूड़ेदान में ही डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर ही स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। वही इस अवसर पर वार्ड सभासद विजय पाल मटियानी ने भी स्थानीय लोगों से स्वच्छता के प्रति सजग रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि सभी लोग मिलकर प्रयास करें तो वार्ड को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है। गोष्ठी में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया और स्वच्छता अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान आनंद बल्लभ जोशी, दुर्गा मटियानी, भगवती जोशी,दयाल पांडे, भीम सिंह, कविता भंडारी, उमा उपाध्याय,प्रेमा उपाध्याय और कमला परिहार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।








