बागेश्वर। राजकीय इंटर कॉलेज बंतोली, गरुड़ में मंगलवार को जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में तहसील दिवस आयोजित किया गया। तहसील दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 20 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं। इनमें अधिकांश शिकायतें पेयजल, विद्युत, सड़क, आपदा और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी रहीं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के संबंध में आने वाले फोन कॉल को भी गंभीरता से लिया जाए। शिकायतकर्ता की समस्या को ध्यानपूर्वक सुनकर उसका यथासंभव त्वरित समाधान किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
लंबे समय तक बिजली कटौती पर मांगी रिपोर्ट
विद्युत संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने यूपीसीएल के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि किसी क्षेत्र में लंबे समय तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहती है तो इसके कारणों की स्पष्ट जानकारी संबंधित उपजिलाधिकारी को नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि तहसील दिवस का उद्देश्य केवल शिकायतें दर्ज करना नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन की पहुंच सुनिश्चित करते हुए लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण की प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा कार्रवाई की जानकारी संबंधित शिकायतकर्ताओं को भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
तहसील दिवस में प्रभागीय वनाधिकारी प्रकाश चंद्र आर्य, ब्लॉक प्रमुख किशन सिंह बोरा सहित जनपद स्तरीय अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।







