बागेश्वर। जिले में बारिश और भूस्खलन के चलते रविवार को कुल 13 ग्रामीण मोटर मार्ग यातायात के लिए बंद हैं। जिला प्रशासन की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार संबंधित विभागों की टीमें बंद सड़कों को खोलने में जुटी हैं।
बंद प्रमुख मार्गों में खातीगांव-दिवतोली मोटर मार्ग, लीन्यूलखामर मोटर मार्ग, कमेड़ीदेवी मोटर मार्ग, कपकोट-पिंडारी ग्लेशियर मोटर मार्ग, खड़लेख भनार मोटर मार्ग, बदियाकोट-बोरबलड़ा मोटर मार्ग, सूंपी-झूनी मोटर मार्ग, सोराग मोटर मार्ग, बदियाकोट-कुंवारी मोटर मार्ग, बाछम से खाती मोटर मार्ग और मिखीलाखलपट्टा मोटर मार्ग शामिल हैं।
वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग-309ए और बीआरओ के अंतर्गत आने वाले मार्ग यातायात के लिए सुचारु बताए गए हैं। प्रशासन की ओर से बंद मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर खोलने के निर्देश दिए गए हैं।
आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि बंद सड़कों को खोलने के लिए संबंधित विभागों की मशीनरी और टीमें मौके पर काम कर रही हैं। बारिश और भूस्खलन के कारण संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। लोगों से मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा से बचने और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही आवागमन करने की अपील की गई है।








