logo

होटल से 104 जिलेटिन छड़ें बरामद, एक गिरफ्तार

खबर शेयर करें -

बागेश्वर में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत कपकोट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शामा क्षेत्र के लिली तिराहे स्थित एक होटल से 104 विस्फोटक छड़ें बरामद की गई हैं। मामले में होटल स्वामी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने पुलिस कार्यालय में प्रेस आयोजित कर बताया कि उनकी टीम के द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान चौकी शामा प्रभारी सुमित कुमार अपनी टीम के साथ क्षेत्र के होटलों व होमस्टे की नियमित जांच कर रहे थे। इसी दौरान होटल खिलैश की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान काउंटर के नीचे रखे एक कट्टे से 104 बेलनाकार विस्फोटक छड़ें बरामद हुईं, जिन पर RAJ GEL 90 अंकित था। मौके पर मौजूद होटल स्वामी पान सिंह 52 वर्ष पुत्र उमेद सिंह को तत्काल हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वर्ष 2010 से 2012 के बीच क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्य के दौरान वह बारूद गोदाम की देखरेख करता था। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद बची हुई विस्फोटक सामग्री को उसने अवैध रूप से अपने पास रख लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए ऊधमसिंह नगर से बम निरोधक दस्ता और स्निफर डॉग मौली को मौके पर बुलाया गया। टीम ने विस्तृत जांच के बाद पुष्टि की कि बरामद सामग्री विस्फोटक है, जिसे सुरक्षित तरीके से नष्ट किया जाना आवश्यक है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कपकोट में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 की धारा 5 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। बरामद विस्फोटक को सील कर सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  विश्व जनसंख्या दिवस पर कौसानी में विधिक जागरूकता शिविर, स्वास्थ्य और कानूनी अधिकारों की दी जानकारी
Ad
Share on whatsapp