logo

कांडा-बाजड़-सिमकुना सड़क पर 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, युवक की मौत,एक गंभीर घायल

खबर शेयर करें -

बागेश्वर : कांडा-बाजड़-सिमकुना मोटर मार्ग पर थरन के समीप एक ऑल्टो कार करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी सुबह ग्रामीणों को नदी किनारे पलटी कार दिखाई देने के बाद हुई। सूचना पर पुलिस और तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार सिमकुना निवासी शंकर सिंह (28) पुत्र कृपाल सिंह और राहुल सिंह नगरकोटी (32) पुत्र नरेंद्र सिंह ऑल्टो कार से जा रहे थे। थरन नामक स्थान पर सड़क के समीप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर नीचे खाई में जा गिरा। दुर्घटना में शंकर सिंह की मौत हो गई, जबकि राहुल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि हादसे के बाद घायल राहुल सिंह सड़क के समीप जगदीश राम के घर के बरामदे में सोए हुए थे। सुबह ग्रामीणों की नजर नदी किनारे पलटी कार पर पड़ी तो दुर्घटना का पता चला। ग्रामीणों ने तत्काल 112 पर सूचना दी। इसके बाद थानाध्यक्ष कांडा बलवंत कम्बोज और तहसीलदार जगदीश गिरी पुलिस एवं प्रशासन की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से घायल राहुल सिंह को सिमकुना निवासी उमेश कुमार के निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया। राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांडा के चिकित्साधिकारी डॉ. दिव्य पांडेय ने बताया कि राहुल सिंह को सुबह करीब नौ बजे गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया। वहीं शंकर सिंह को सुबह करीब 11 बजे अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक अविवाहित थे। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

यह भी पढ़ें 👉  जिलाधिकारी ने हड़बाड़ में आपदा प्रभावित परिवारों से की मुलाकात, पुनर्वास व सुरक्षा कार्यों का लिया जायजा

क्रैश बैरियर होते तो शायद टल सकता था हादसा

पूर्व जिला पंचायत सदस्य वीरेन्द्र नगरकोटी समेत ग्रामीणों ने सड़क की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां सड़क किनारे गहरी खाई है। ऐसे संवेदनशील स्थान पर यदि क्रैश बैरियर लगाए गए होते तो वाहन को खाई में गिरने से रोका जा सकता था और संभवतः यह हादसा टल सकता था। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से कांडा-बाजड़-सिमकुना सड़क के दुर्घटना संभावित स्थानों का चिन्हीकरण कर वहां तत्काल क्रैश बैरियर लगाने की मांग की है। साथ ही सड़क किनारे सुरक्षा के अन्य इंतजाम करने की भी मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Share on whatsapp