logo

नौ साल से सड़क का इंतजार, अब ग्रामीणों ने दी चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। हरूनाथ मंदिर से मटियोली तक मोटर मार्ग का निर्माण नहीं होने से क्षेत्र के ग्रामीण पिछले करीब नौ वर्षों से परेशानी झेल रहे हैं। सड़क के अभाव में आवागमन के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाएं भी प्रभावित हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से मांग उठाने के बावजूद सड़क निर्माण को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। क्षेत्र की सबसे गंभीर स्थिति शिक्षा व्यवस्था को लेकर बनी हुई है। सड़क सुविधा नहीं होने के कारण एक प्राथमिक विद्यालय पहले ही बंद हो चुका है, जबकि दूसरे जूनियर हाईस्कूल में भी छात्र संख्या लगातार घट रही है। ग्रामीणों ने चिंता जताई कि यदि सड़क का निर्माण जल्द नहीं हुआ तो आने वाले समय में बच्चों की शिक्षा पर इसका गंभीर असर पड़ेगा। आज दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट और बागेश्वर विधायक पार्वती दास के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो तीन गांवों के लोग चुनाव बहिष्कार का निर्णय ले सकते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, उन्हें सड़क निर्माण के लिए सितंबर तक का समय दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि सितंबर तक सड़क निर्माण को लेकर सकारात्मक और ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो अक्टूबर से सभी ग्रामवासी आंदोलन शुरू करने के लिए संकल्पित हैं। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से हारूनाथ मंदिर से मटियोली मोटर मार्ग के निर्माण को प्राथमिकता देने की मांग की है। उनका कहना है कि यह केवल सड़क का मामला नहीं, बल्कि क्षेत्र के बच्चों के भविष्य, शिक्षा और ग्रामीणों को सम्मानजनक जीवन की सुविधाएं उपलब्ध कराने का सवाल है। नौ साल से अधूरी सड़क और बंद हो चुका स्कूल अब ग्रामीणों के आंदोलन की वजह बन रहा है। ऐसे में देखना होगा कि सितंबर तक प्रशासन इस मांग पर क्या ठोस कदम उठाता है।

Share on whatsapp