logo

गैंगस्टर एक्ट में फरार तीन आरोपी गिरफ्तार, ऑपरेशन प्रहार में पुलिस का शिकंजा

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। पुलिस के ऑपरेशन प्रहार के तहत एसओजी और कपकोट थाना पुलिस ने गैंग बनाकर आपराधिक गतिविधियों के जरिए अवैध धनोपार्जन करने के आरोपित तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। तीनों गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में फरार चल रहे थे। न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने कपकोट-भराड़ी रोड स्थित बिट्टू गैराज के पास से तीनों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार ललित कठायत उर्फ लक्की कठायत, तनुज गड़िया उर्फ तारा सिंह और ललित भाकुनी आपस में संगठित होकर आर्थिक लाभ और अवैध धनोपार्जन के उद्देश्य से योजनाबद्ध तरीके से आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे। तीनों पर गिरोह के रूप में कार्य कर आपराधिक गतिविधियों से अनुचित आर्थिक लाभ अर्जित करने का आरोप है। जिसको लेकर कपकोट में 10 जुलाई 2026 को धारा 2/3 गिरोह एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम, 1986 तथा धारा 111 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों और घरों पर लगातार दबिश दे रही थी। लगातार फरार रहने पर पुलिस ने न्यायालय से तीनों के विरुद्ध गैर-जमानती वारंट प्राप्त किए। एसओजी और पुलिस टीम के लगातार प्रयासों के बाद तीनों आरोपितों को 23 अगस्त को कपकोट-भराड़ी रोड स्थित बिट्टू गैराज के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

Share on whatsapp