नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत मेडिकल स्टोर्स पर औचक निरीक्षण
बागेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों तथा आयुक्त एवं अपर आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन से प्राप्त आदेशों के अनुपालन में जिले में औषधि निरीक्षक द्वारा नशा मुक्त उत्तराखंड एवं स्प्यूरीयस दवाओं की रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आज औषधि निरीक्षक बागेश्वर पूजा रानी ने नगर क्षेत्र के मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक मेडिकल स्टोर पर गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। स्टोर संचालक द्वारा नियमित रूप से कैश मेमो जारी न करने के साथ ही लाइसेंस की शर्तों का पालन भी नहीं किया जा रहा था। इस पर औषधि निरीक्षक ने फर्म स्वामी को सात दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। स्पष्ट कर दिया गया कि यदि निर्धारित समय पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 के तहत उक्त मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की जाएगी। औषधि निरीक्षक ने सभी मेडिकल स्टोर्स को निर्देशित किया कि वे लाइसेंस की शर्तों का अनुपालन सुनिश्चित करें और ग्राहकों को नियमित रूप से कैश मेमो उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि दवाओं के विक्रय में पारदर्शिता और नियमों का पालन अनिवार्य है।
पूजा रानी ने बताया कि नकली दवाओं की रोकथाम और नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान को सफल बनाने के लिए जनपद में इस तरह की औचक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।








