logo

भनारतोली में पोषण माह के तहत जागरूकता शिविर, पौष्टिक आहार के प्रति किया जागरूक

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से पोषण माह के तहत जिले के दूरस्थ गांव भनारतोली में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ ग्राम प्रधान कमला देवी और क्षेत्र पंचायत कमल सिंह ने किया। शिविर में महिलाओं, छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी गई। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन भी किया।

कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। छात्र-छात्राओं और महिलाओं के बीच विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित कर उनकी सहभागिता बढ़ाई गई।
पोषण मिशन समन्वयक लता भंडारी और सुपरवाइजर सीता धामी बताया कि सरकार की ओर से सितंबर माह में पोषण माह का आयोजन किया जाता है। इसके तहत ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में जागरूकता शिविर आयोजित कर लोगों को पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों को बेहतर पोषण के लिए स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को अपने आहार में शामिल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। वन स्टॉप सेंटर की प्रबंधक षष्ठी कांडपाल ने कहा कि गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार का विशेष महत्व होता है। संतुलित आहार मां और बच्चे दोनों के बेहतर स्वास्थ्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने महिलाओं से पौष्टिक भोजन लेने और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों को गंभीरता से अपनाने की अपील की। शिविर में ग्रामीण महिलाओं और बच्चों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। विभाग की ओर से पोषण, स्वास्थ्य और संतुलित आहार से जुड़ी जानकारी साझा की गई। साथ ही स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों के सेवन के लिए लोगों को प्रेरित किया गया। पोषण माह के तहत आयोजित यह शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली तथा बेहतर पोषण के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है। इस दौरान शिखा जोशी, दीपा टंगड़िया, पुष्पा मिश्रा,विमला मिश्रा,देवकी देवी और अंजू देवी आदि मौजूद रहे।

Share on whatsapp