–
– बागेश्वर और भराड़ी में होटल-रेस्टोरेंट व जनरल स्टोर का औचक निरीक्षण, चार नमूने लिए
बागेश्वर संवाददाता। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड, देहरादून तथा जिलाधिकारी बागेश्वर के निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को बागेश्वर और भराड़ी क्षेत्र में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के तहत होटल, रेस्टोरेंट और जनरल स्टोर का औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और प्रतिष्ठानों में स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान स्वच्छता मानकों का पालन नहीं करने और खाद्य लाइसेंस नहीं पाए जाने पर तीन प्रतिष्ठान स्वामियों को नोटिस जारी किए गए। विभाग की कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति रही। अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों के चार नमूने भी लिए गए। इनमें दो जूस, एक नमकीन और एक टोमेटो केचप का नमूना शामिल है। नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पर्वों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट और मानकों की अनदेखी रोकने के लिए विभाग की ओर से लगातार निगरानी की जाएगी। अभियान में सहायक आयुक्त प्रकाश चंद्र, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार और भूपेंद्र देव मौजूद रहे।








