कपकोट। ऊंकार होटल में देवभूमि शिल्पकार संगठन कपकोट ब्लॉक की ओर से शिल्पकार समाज की गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर समाज की नई रणनीति पर चर्चा की गई।
गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि शिल्पकार समाज आज भी कई सामाजिक कुरीतियों और भेदभाव की समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दल चुनाव के दौरान समाज को महज वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करते हैं। वहीं समाज से चुने गए जनप्रतिनिधियों पर भी सदनों में समाज की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने में मौन रहने का आरोप लगाया गया।
वक्ताओं ने कहा कि सरकार की ओर से भेदभाव समाप्त करने और समाज में समानता स्थापित करने की बात कही जाती है, लेकिन धार्मिक स्थलों में कथित भेदभाव के मुद्दे पर अपेक्षित आवाज नहीं उठाई जाती। उन्होंने कहा कि समाज को अपने अधिकारों और हितों को लेकर एकजुट होने की जरूरत है।
संगठन से जुड़े पदाधिकारियों ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव शिल्पकार समाज के लिए महत्वपूर्ण और यादगार रहेगा। बैठक में समाज के हितों और राजनीतिक भागीदारी को लेकर आगे की रणनीति तैयार करने पर जोर दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता महेंद्र राम ओझा ने की। इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख मनोहर राम, जिला पंचायत सदस्य बलवंत राम, क्षेत्र पंचायत सदस्य नीलू पहरी, क्षेत्र पंचायत सदस्य जशौद राम, नरेश राम, राजेंद्र प्रसाद, पूर्व ग्राम प्रधान प्रवीण राम, पूर्व सूबेदार भजन राम और दिनेश बेरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।







