बागेश्वर। शामा तहसील क्षेत्र के रमाड़ी तोक मौनधूरा में एक दर्दनाक हादसे में 48 वर्षीय कुंदन सिंह कोरंगा गंभीर रूप से घायल हो गए। वह अपने जले हुए घर की मरम्मत कर रहे थे, तभी संतुलन बिगड़ने से छत से नीचे गिर पड़े।
बताया जा रहा है कि करीब चार माह पहले उनके घर में आग लगने से भारी नुकसान हुआ था। इसके बाद वह किसी तरह घर की छत पर टीन लगाने का कार्य कर रहे थे। शनिवार सुबह काम के दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिर गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और मदद के लिए जुट गए। कठिन पहाड़ी रास्तों के बीच घायल को डोली में रखकर लगभग 4 किलोमीटर पैदल चलकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तेजम पहुंचाया गया। वहां डॉ. नितिश कुमार भट्ट द्वारा उनका प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पिथौरागढ़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
ग्रामीणों—धन सिंह कोरंगा, हरीश सिंह कार्की, कल्याण सिंह कोरंगा, नरेंद्र सिंह कोरंगा, पुष्कर सिंह कार्की, खुशाल सिंह कोरंगा, नंदन सिंह कोरंगा, अर्जुन सिंह कोरंगा और पवन सिंह कोरंगा—ने बताया कि घायल को काफी गंभीर चोटें आई हैं।
इस घटना ने एक बार फिर दूरस्थ पहाड़ी गांवों में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को उजागर कर दिया है, जहां आपात स्थिति में मरीजों को अब भी कई किलोमीटर पैदल ढोकर अस्पताल पहुंचाना पड़ता है।








