बागेश्वर। आगामी चुनावों के मद्देनजर मतदाता सूची को अधिक समावेशी बनाने के लिए जनपद में विशेष अभियान चलाया गया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में चलाए गए इस अभियान के तहत नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए गए। अभियान के दौरान कुल 2049 फॉर्म-6 प्राप्त हुए हैं।
आठ से 10 अक्टूबर तक जिले के प्रत्येक मतदेय स्थल पर विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। इसके बाद 12 से 20 अक्टूबर 2026 तक बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया। इस दौरान पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
विशेष शिविरों और सत्यापन के दौरान मिले आवेदन
अभियान के तहत आयोजित विशेष शिविरों और बीएलओ के घर-घर भ्रमण के दौरान किए गए फील्ड सत्यापन एवं जांच के क्रम में 2049 फॉर्म-6 प्राप्त हुए। इन आवेदनों के आधार पर पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
पात्र मतदाताओं को जोड़ने पर जोर
निर्वाचन आयोग की इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके साथ ही पात्र नागरिकों को आगामी चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।







