अल्मोड़ा: विजिलेंस टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अल्मोड़ा जनपद के विकासखंड लमगड़ा में तैनात लेखाकार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लेखाकार हर सिंह बिष्ट उर्फ हरीश सिंह बिष्ट द्वारा एक शिकायतकर्ता से शौचालय निर्माण कार्य के लिए स्वीकृत तीन लाख रुपये के टेंडर की एफडीआर रिलीज कराने के एवज में धनराशि की मांग की जा रही थी। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था, जिसके चलते उसने सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर नैनीताल, हल्द्वानी में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता के निर्देशन में एक ट्रैप टीम का गठन किया गया।
आज 8 अप्रैल 2026 को सतर्कता टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को ब्लॉक कार्यालय लमगड़ा से शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई पर निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में सहयोग करते हुए टोल फ्री नंबर 1064 और व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर शिकायत दर्ज कराएं।
विजिलेंस की इस कार्रवाई से सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया








