बागेश्वर : नगर के वरिष्ठ व्यापारी हरीश परिहार (49) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार देर रात तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजन को सौंप दिया। शनिवार को सरयू-गोमती संगम पर नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी गई। घटना से स्वजन और व्यापारी शोकाकुल हैं।
जानकारी के अनुसार, अमतौड़ा गांव निवासी हरीश परिहार पुत्र सुंदर सिंह परिहार शुक्रवार देर रात तक अपनी दुकान पर थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान उन्होंने पत्नी को फोन भी किया था। व्यापारियों के अनुसार, उनका स्वास्थ्य खराब था। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। हरीश अपने पीछे दो बच्चों को छोड़ गए हैं, जो अभी पढ़ाई कर रहे हैं। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। प्रभारी कोतवाल निर्मला पटवाल ने बताया कि घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। अभी तक किसी की ओर से तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।







