logo

बागेश्वर में होगी उत्तराखंड ओपन स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026, राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन का बड़ा अवसर

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। खेल प्रेमियों और ताइक्वांडो खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। उत्तराखंड ओपन स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 का आयोजन आगामी 5 और 6 जनवरी 2026 को दीप पैलेस, ट्रेंड्स मॉल के पास, ताकुला रोड, बागेश्वर में किया जाएगा। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में क्योरुगी (स्पैरिंग) एवं पूमसे (फॉर्म्स) दोनों ही वर्गों में मुकाबले आयोजित होंगे।

यह प्रतिष्ठित चैंपियनशिप डिस्ट्रिक्ट ताइक्वांडो एवं पैरा ताइक्वांडो एसोसिएशन, बागेश्वर द्वारा आयोजित की जा रही है, जिसे उत्तराखंड ताइक्वांडो एवं पैरा ताइक्वांडो एसोसिएशन द्वारा प्रोमोट किया गया है। प्रतियोगिता का आयोजन इंडिया ताइक्वांडो के तत्वावधान में किया जा रहा है, जिससे इसका महत्व और अधिक बढ़ गया है। इस प्रतियोगिता में किड्स, सब-जूनियर, कैडेट, जूनियर एवं सीनियर वर्ग के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। खास बात यह है कि यह चैंपियनशिप इंडिया ताइक्वांडो की द्वितीय फेडरेशन कप 2026 के लिए चयन प्रतियोगिता (Selection Tournament) भी होगी। ऐसे में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का सुनहरा अवसर प्राप्त होगा।

यह भी पढ़ें 👉  कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे बागेश्वर के सागर थायत

जिला ताइक्वांडो एवं पैरा ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव किशोर कुमार ने बताया कि बागेश्वर जनपद में पहली बार इस स्तर की बड़ी ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है, जिससे न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा बल्कि जनपद की खेल पहचान को भी नई मजबूती मिलेगी। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की सुविधा, निष्पक्ष निर्णयन, मेडिकल सहायता और खेल अनुशासन का विशेष ध्यान रखा जाएगा। जिला ताइक्वांडो एवं पैरा ताइक्वांडो एसोसिएशन ने प्रदेश भर के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे इस प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें। यह आयोजन उत्तराखंड में ताइक्वांडो खेल के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होने की उम्मीद है। जिला ताइक्वांडो एवं पैरा ताइक्वांडो एसोसिएशन, बागेश्वर के अध्यक्ष इंद्र सिंह फर्स्वाण ने कहा कि उत्तराखंड ओपन स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 का आयोजन बागेश्वर जैसे पर्वतीय जनपद में होना हमारे लिए गर्व की बात है। यह प्रतियोगिता स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुँचने का सशक्त अवसर प्रदान करेगी। हमारा प्रयास है कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, पारदर्शी चयन प्रक्रिया और उच्च स्तरीय प्रतियोगी माहौल उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे राज्य और देश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर आयोजन को सफल बनाएं और ताइक्वांडो खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहयोग करें।

Share on whatsapp