बागेश्वर : एलाइंस फार साइंस कार्यक्रम के तहत अटल उत्कृष्ट पदम सिंह परिहार राजकीय इंटर कालेज वज्यूला में चार दिवसीय विज्ञान कार्यशाला का शुभारंभ हो गया है। राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान की विशिष्ट पहल से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
कार्यशाला के समन्वयक डा. भुवन पांडे ने बताया कि यह चार दिवसीय कार्यशाला विद्यार्थियों को विज्ञान की प्रयोगात्मक प्रक्रिया, जिज्ञासा तथा नवाचार की भावना से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को कबाड़ से जुगाड़ की अवधारणा पर आधारित गतिविधियों के माध्यम से गति, ऊर्जा, बल, घर्षण, प्रकाश तथा ध्वनि जैसे वैज्ञानिक सिद्धांतों को अनुभवात्मक रूप में समझाया जा रहा है। विशेष रूप से तैयार किए जा रहे माडलों में हाइड्रोलिक सिस्टम, सौर ऊर्जा आधारित यंत्र, जल शुद्धिकरण माडल, वायु दाब प्रयोग तथा लघु जलविद्युत संयंत्र जैसे प्रयोग शामिल हैं, जिनके माध्यम से विद्यार्थी विज्ञान को व्यवहारिक रूप से आत्मसात कर सकेंगे।
प्रभारी प्राचार्य डायट डा. केएस रावत ने कहा कि विज्ञान हमारे जीवन के हर पहलू में मौजूद है। विद्यार्थियों को इसकी गहराई को समझने के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। प्रधानाचार्य दीपक आर्य ने कहा कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में नई ऊर्जा तथा सृजनशीलता का संचार करेगा। कार्यशाला में विद्यार्थियों ने विज्ञान माडल निर्माण, सरल प्रयोग प्रदर्शन तथा पोस्टर निर्माण में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन भौतिक विज्ञान प्रवक्ता आलोक पांडे ने किया। इस अवसर पीटीए अध्यक्ष बलवंत परिहार, संदर्भदाता गौरव बोरा, पंकज सिंह बोरा, चंद्रावती पांडे, राजीव कुमार मिश्रा आदि उपस्थित थे।








