फायर अलार्म, अग्निशमन यंत्रों और इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था परखी, प्रतिष्ठान संचालकों को दिए सतर्कता बरतने के निर्देश
बागेश्वर। आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम और जनसुरक्षा के मद्देनजर फायर स्टेशन बागेश्वर की ओर से नगर क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा के निर्देश पर अग्निशमन विभाग की टीम ने विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का भौतिक निरीक्षण कर आग से बचाव के इंतजामों का जायजा लिया।
गुरुवार को प्रभारी अग्निशमन अधिकारी FSSO दिनेश चंद्र पाठक एवं प्रशिक्षु FSSO सचिन सेमवाल के नेतृत्व में टीम ने स्मार्ट प्वाइंट मॉल, होटल शिवांश, अल्मोड़ा अर्बन बैंक, नैनीताल बैंक, चंडिका बैंक्वेट हॉल और भविष्य इन होटल सहित अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
इस दौरान प्रतिष्ठानों में लगाए गए अग्निशमन यंत्रों, फायर अलार्म सिस्टम, आपातकालीन निकास द्वार (इमरजेंसी एग्जिट) और विद्युत व्यवस्था की जांच की गई। अग्निशमन अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों और प्रबंधकों को निर्देशित किया कि सभी अग्निशमन उपकरण सक्रिय एवं क्रियाशील स्थिति में रखें तथा आपातकालीन निकास मार्गों को हर समय बाधारहित बनाए रखें।
अधिकारियों ने दीपावली के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, ज्वलनशील सामग्री को सुरक्षित स्थान पर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने की अपील की।
फायर स्टेशन की ओर से बताया गया कि त्योहारों के दौरान बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करना बेहद जरूरी है। अभियान का उद्देश्य संभावित अग्नि दुर्घटनाओं को रोकना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।







