एसपी जितेन्द्र मेहरा ने ली मासिक अपराध समीक्षा बैठक, त्योहारों में विजिबल, फील्ड और प्रिवेंटिव पुलिसिंग पर दिया जोर
बागेश्वर। दीपावली और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए बागेश्वर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बाजारों में भीड़ और वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। साथ ही चोरी, आपराधिक गतिविधियों और यातायात अव्यवस्था पर अंकुश लगाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है।
गुरुवार को पुलिस लाइन मालता में पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा (आईपीएस) की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। बैठक में एसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर विजिबल पुलिसिंग, फील्ड पुलिसिंग और प्रिवेंटिव पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान विशिष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 13 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
बाजारों में बढ़ेगी पुलिस की सक्रियता
एसपी ने निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान पुलिस की मौजूदगी केवल प्रमुख चौराहों और निर्धारित ड्यूटी स्थलों तक सीमित न रहे। पुलिस अधिकारी और कर्मचारी बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार गश्त करें। प्रमुख बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने, नो-पार्किंग जोन निर्धारित करने और जरूरत के अनुसार यातायात डायवर्जन लागू करने की कार्ययोजना बनाने को कहा गया।
व्यापारिक प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरों को चालू रखने तथा व्यापारियों और वाहन चालकों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
अवैध शराब, जुआ और नशे के खिलाफ चलेगा अभियान
एसपी ने असामाजिक तत्वों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा। अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के साथ ही जुआ-सट्टा तथा मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। ऑपरेशन प्रहार और ऑपरेशन लगाम के तहत नशा तस्करों के नेटवर्क की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया। हिस्ट्रीशीटरों और सक्रिय अपराधियों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों पर विशेष जोर
एसपी ने बीट अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर आमजन से सीधा संवाद स्थापित करने, वरिष्ठ नागरिकों की कुशलक्षेम लेने और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने पर भी जोर दिया गया।
बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए एमआरएम और जीआरएम पोर्टल के प्रचार-प्रसार तथा स्कूलों, कॉलेजों और आमजन के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया। डायल-112 पर मिलने वाली सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए रिस्पॉन्स टाइम न्यूनतम रखने के निर्देश भी दिए गए।
लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
अपराध समीक्षा के दौरान एसपी ने थानों में दर्ज मुकदमों, लंबित विवेचनाओं और अभियुक्तों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की समीक्षा की। विवेचनाओं को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के साथ ही गंभीर मामलों में केस ऑफिसर स्कीम को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। लंबित बीडब्ल्यू और एनबीडब्ल्यू वारंटों की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करने तथा विवेचकों की जवाबदेही तय करने को भी कहा गया।
इसके अलावा सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्टों की निगरानी, अग्निशमन विभाग को आतिशबाजी की दुकानों के सुरक्षा मानकों की जांच, तथा JMIS, CRIMAC, CEIR और NATGRID जैसे पोर्टलों के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए गए।
सैनिक सम्मेलन में सुनीं समस्याएं
बैठक के दौरान एसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का सैनिक सम्मेलन लेकर उनकी विभागीय, व्यक्तिगत एवं पारिवारिक समस्याओं की जानकारी ली। समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
गोष्ठी में पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर अजय साह, पुलिस उपाधीक्षक कपकोट राजेश साह सहित जनपद के समस्त थाना, चौकी और शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे।







