logo

‘यह मेरी छवि खराब करने की साजिश’, वायरल मामले पर बोले विधायक सुरेश गढ़िया

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। सोशल मीडिया पर वायरल कथित आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो को लेकर कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर लगातार आपत्तिजनक सामग्री और अभद्र टिप्पणियां प्रसारित की जा रही हैं। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो वह अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ आंदोलन करने को बाध्य होंगे। विधायक सुरेश गढ़िया ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वर्ष 2024 में एक महिला की एआई से तैयार की गई तस्वीर के साथ उनका नाम जोड़कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया था। उनका कहना है कि इस मामले में उन्होंने तत्काल पुलिस उपमहानिरीक्षक उत्तराखंड, पुलिस अधीक्षक बागेश्वर तथा कपकोट थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बावजूद लंबे समय तक मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय से एक व्यक्ति, जगदीश गोस्वामी, सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ लगातार अभद्र टिप्पणियां और आपत्तिजनक पोस्ट कर रहा था। इस संबंध में उन्होंने कपकोट थाने में चार बार शिकायत और एफआईआर दर्ज कराई। उनके अनुसार अब संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा तो दर्ज कर लिया गया है, लेकिन मामला दर्ज होने के बाद भी अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
विधायक ने कहा कि केवल मुकदमा दर्ज कर देना पर्याप्त नहीं है। सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने और किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करने वाले लोगों के खिलाफ कानून के तहत त्वरित और सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में देरी से कार्रवाई होने पर गलत संदेश जाता है और सोशल मीडिया का दुरुपयोग करने वालों का मनोबल बढ़ता है। सुरेश गढ़िया ने कहा कि यदि पुलिस उनकी शिकायतों पर शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित नहीं करती है तथा उनकी छवि खराब करने वालों के खिलाफ कठोर कदम नहीं उठाए जाते हैं, तो वह अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि वह इस मामले को गंभीरता से आगे भी उठाते रहेंगे।

Share on whatsapp