बागेश्वर। मुख्यमंत्री उत्तराखंड सरकार पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों तथा आयुक्त एवं अपर आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आदेशों के अनुपालन में जिले में नशा मुक्त उत्तराखंड और नकली दवाओं की रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत औषधि निरीक्षक बागेश्वर पूजा रानी ने जनपद के विभिन्न मेडिकल स्टोर्स पर औचक निरीक्षण कर कार्यवाही की। निरीक्षण के दौरान सभी मेडिकल स्टोर्स में लाइसेंस की उपलब्धता, रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट की उपस्थिति में दवाओं के क्रय–विक्रय, तथा मूल्य नियंत्रण संबंधी प्रावधानों की जांच की गई। सभी दुकानों में सीसीटीवी कैमरे एवं उनकी रिकॉर्डिंग भी परखी गई।
एक्सपायरी दवाओं के रखरखाव, महँगी एवं जीवनरक्षक दवाओं के बिल, तथा नारकोटिक औषधियों को केवल चिकित्सक के पर्चे पर देने की प्रणाली की भी जांच की गई। निरीक्षण के दौरान दो मेडिकल स्टोर्स में अनियमितताएं पाई गईं, जिन पर स्टोर संचालकों को तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण एवं अनुपालन रिपोर्ट औषधि निरीक्षक कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। अनुपालन न करने पर लाइसेंस निलंबन की संस्तुति किए जाने की चेतावनी भी दी गई। संदिग्ध स्थिति के आधार पर चार दवाओं के नमूने भी लिए गए, जिन्हें परीक्षण हेतु राजकीय विश्लेषणशाला भेजा गया है। औषधि निरीक्षक पूजा रानी ने बताया कि लैब रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि दवाएं मानकों के अनुरूप नहीं पाई जाती हैं तो ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट, 1940 के अंतर्गत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में इस प्रकार की कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी।








