बागेश्वर। महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई प्रत्याशी राहुल कुमार का नामांकन खारिज किए जाने से नाराज छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर में धरना दिया। इस दौरान छात्रों ने महाविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नामांकन निरस्त किए जाने के निर्णय पर पुनर्विचार करने और अपनी मांगों के निराकरण की मांग की। धरने में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
धरने पर बैठे छात्रों का कहना था कि राहुल कुमार का नामांकन निरस्त किए जाने से छात्र-छात्राओं में नाराजगी है। उन्होंने महाविद्यालय प्रशासन से पूरे मामले में स्पष्टता के साथ निर्णय लेने और छात्रों की मांग पर कार्रवाई करने की मांग की।
छात्रसंघ महासचिव ललित कुमार ने आरोप लगाया कि नामांकन निरस्त करने का निर्णय सोच-समझकर लिया गया है। उन्होंने कहा कि संगठन मामले में कानूनी राय भी ले रहा है। उनका आरोप है कि महाविद्यालय प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की बात को नजरअंदाज किया और सरकार के दबाव में महाविद्यालय के निदेशक तथा छात्र कल्याण अधिष्ठाता की ओर से राहुल कुमार का नामांकन निरस्त किया गया। छात्रों ने कहा कि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।







