बागेश्वर: उत्तराखण्ड संस्कृत संस्थानम्, हरिद्वार के तत्वावधान में विकासखंड स्तरीय संस्कृत छात्र प्रतियोगिता का शुभारंभ बुधवार को मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय सभागार एवं पी.एम. श्री विक्टर मोहन जोशी स्मारक राजकीय इंटर कॉलेज, बागेश्वर में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विशिष्ट अतिथि नगर पालिका सभासद विजय पाल सिंह मटियानी रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक आसाराम ने की। अतिथियों ने संस्कृत को देववाणी बताते हुए कहा कि उत्तराखंड में इसे द्वितीय राजभाषा का दर्जा प्राप्त है। संस्कृत के संरक्षण और संवर्धन के लिए इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं।
पहले दिन कनिष्ठ वर्ग की प्रतियोगिताओं में संस्कृत समूह नृत्य में राजीव गांधी नवोदय विद्यालय प्रथम, जिम कॉर्बेट पब्लिक स्कूल द्वितीय और कन्ट्रीवाइड पब्लिक स्कूल तृतीय रहा। संस्कृत समूह गान में जिम कॉर्बेट पब्लिक स्कूल ने प्रथम, कन्ट्रीवाइड पब्लिक स्कूल ने द्वितीय और राजीव गांधी नवोदय विद्यालय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं संस्कृत नाटक में राजीव गांधी नवोदय विद्यालय प्रथम और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पंतकोराली द्वितीय स्थान पर रहा। प्रतियोगिता का संचालन डॉ. रमेश काण्डपाल और विकासखंड संयोजक मोहन चन्द्र जोशी ने संयुक्त रूप से किया। विजेता प्रतिभागियों का चयन जनपद स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। वरिष्ठ वर्ग की प्रतियोगिताएं 24 सितंबर को आयोजित की जाएंगी।







