बागेश्वर। दीपावली पर आतिशबाजी की बिक्री के दौरान आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए सरयू घाट स्थित बिक्री स्थल पर फायर यूनिट तैनात कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देश पर अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
प्रभारी अग्निशमन अधिकारी दिनेश चंद्र पाठक के मार्गदर्शन में फायर सर्विस टीम ने पोर्टेबल पंप समेत सभी अग्निशमन उपकरणों की जांच और टेस्टिंग की। जांच में सभी उपकरण दुरुस्त पाए गए।
निरीक्षण के बाद फायर यूनिट को मौके पर मुस्तैद कर दिया गया है। दीपावली मेले और आतिशबाजी की बिक्री के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीम अलर्ट रहेगी। पुलिस ने बताया कि त्योहार पर जन-धन की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।







