बागेश्वर। भाजपा पंचायत प्रकोष्ठ उत्तराखंड के प्रदेश संयोजक गोविंद सिंह दानू और भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के सह संयोजक गिरीश परिहार के पहली बार बागेश्वर आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। दोनों नेताओं का गरुड़-बैजनाथ से दर्जनों वाहनों के काफिले के साथ स्वागत रैली निकालते हुए भाजपा मुख्यालय तक लाया गया, जहां कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और गुलदस्तों से उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गोविंद सिंह दानू ने कहा कि पंचायत प्रकोष्ठ सरकार, संगठन और त्रिस्तरीय पंचायत जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं के समाधान के लिए भी संगठन और सरकार के बीच समन्वय बनाया जाएगा।
उन्होंने विकसित भारत रोजगार गारंटी आजीविका मिशन (वीबी-रामजी) का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना के तहत रोजगार के अवसरों का विस्तार किया जाएगा। साथ ही पंचायत जनप्रतिनिधियों के क्षमता विकास और ग्रामीण युवाओं के कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट) पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि गांवों में स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिल सके।
भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के सह संयोजक गिरीश परिहार ने कहा कि सहकारिता के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गड़िया ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री घनश्याम जोशी ने किया। इस अवसर पर भाजपा के जिला प्रभारी एवं दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल का भी बागेश्वर आगमन पर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में विधायक सुरेश गड़िया, विधायक पार्वती दास, दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट, बलवंत सिंह भौर्याल, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, ब्लॉक प्रमुख गरुड़ किशन बोरा सहित भाजपा के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।








