बागेश्वर : कांडा तहसील के बजीना निवासी 74 वर्षीय मोहिनी देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका का शव जिला अस्पताल लाया गया है, जहां पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
कांडा थाना प्रभारी बलवंत कंबोज ने बताया कि कांडा सीएचसी से महिला की मौत का मेमो प्राप्त हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। जांच में सामने आया कि कांडा-बजीना निवासी मोहिनी देवी पत्नी श्याम दत्त कल देर शाम अपनी दुकान में बैठी थीं। इस दौरान लेनदेन को लेकर एक ग्राहक से उनकी हल्की बहस हुई। कुछ देर बाद वह अचानक दुकान में गिर गईं। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी। मामले में किसी ने कोई तहरीर नहीं सौंपी है।







