logo

जनता के बीच जाकर तैयार होगा कांग्रेस का घोषणा पत्र: भुवन कापड़ी

खबर शेयर करें -

बागेश्वर में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक, व्यापारी, युवा, छात्र-छात्राओं समेत हर वर्ग से सुझाव लेने पर जोर

बागेश्वर। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने घोषणा पत्र तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी क्रम में कांग्रेस के उपनेता प्रतिपक्ष एवं घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष भुवन कापड़ी आज बागेश्वर पहुंचे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जिले से जुड़े मुद्दों और आगामी चुनाव के घोषणा पत्र को लेकर चर्चा की। भुवन कापड़ी ने कहा कि कांग्रेस इस बार घोषणा पत्र को केवल चुनावी वादों का दस्तावेज नहीं, बल्कि जन घोषणा पत्र के रूप में तैयार कर रही है। इसके लिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों में जाकर सीधे जनता से संवाद किया जा रहा है और उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं तथा सुझावों को संकलित किया जा रहा है। घोषणा पत्र समिति की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि बागेश्वर जिले में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद कर उनकी समस्याओं को समझा जाएगा। व्यापारियों, छात्र-छात्राओं, युवाओं, किसानों, कर्मचारियों और अन्य वर्गों से प्राप्त सुझावों को घोषणा पत्र में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा। कापड़ी ने कहा कि जनता जिन समस्याओं से प्रत्यक्ष रूप से जूझ रही है, वही मुद्दे घोषणा पत्र की प्राथमिकता में रहेंगे। उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र तैयार करने की प्रक्रिया को जमीनी स्तर तक ले जाने का उद्देश्य यह है कि इसमें केवल राजनीतिक दृष्टिकोण नहीं, बल्कि आम लोगों की आवाज और उनके सुझाव भी शामिल हों। इस दौरान उन्होंने स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भी क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं, विकास से जुड़े मुद्दों और जनता की अपेक्षाओं की जानकारी ली। कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों के बीच जाकर सुझाव एकत्र करने और उन्हें समिति तक पहुंचाने की बात कही गई। बता दे कि कांग्रेस की घोषणा पत्र समिति द्वारा प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग वर्गों के प्रतिनिधियों से सुझाव लेने की प्रक्रिया जारी है। इस दौरान जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट,पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, राजेंद्र टंगड़िया, भगवत सिंह डसीला,गोपा धपोला,बसंत कुमार, बालकृष्ण,रमेश भंडारी, कमलेश गड़िया,चामू देवली, लक्ष्मी धर्मशक्तू आदि मौजूद रहे।

Share on whatsapp