352 में से 340 आंदोलनकारियों को अब तक नहीं मिले प्रमाण पत्र
कांडा, संवाददाता:
उत्तराखंड चिन्हित राज्य आंदोलनकारियों के कांडा संगठन के बैनर तले गुरुवार को कांडा पड़ाव में राज्य आंदोलनकारियों ने धरना-प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आंदोलनकारियों ने लंबे समय से लंबित प्रमाण पत्र जारी करने की मांग उठाते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर चुनाव बहिष्कार भी किया जाएगा।
धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता बंशीधर कांडपाल ने की। इस दौरान जनपद बागेश्वर के चिन्हित राज्य आंदोलनकारी बड़ी संख्या में कांडा पड़ाव में एकत्रित हुए। आंदोलनकारियों का आरोप है कि जनपद के 352 चिन्हित राज्य आंदोलनकारियों में से 340 को अब तक प्रमाण पत्र जारी नहीं किए गए हैं, जिससे उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि पड़ोसी पिथौरागढ़ जनपद में राज्य आंदोलनकारियों की सूची जारी की जा चुकी है, लेकिन बागेश्वर में अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन से मांग की कि पात्र आंदोलनकारियों को शीघ्र प्रमाण पत्र जारी किए जाएं।
आंदोलनकारियों ने कहा कि लंबे समय से मांगों की अनदेखी किए जाने से उनमें भारी नाराजगी है। यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरना स्थल पर आंदोलनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष व्यक्त किया।
इस मौके पर बंशीधर कांडपाल, जितेंद्र वर्मा, हीरा सिंह कर्म्याल, महेश पंत, प्रकाश तिवारी, सुरेश पंत, गंगा लाल वर्मा, आलम मेहरा और बीरेंद्र नगरकोटी सहित कई आंदोलनकारी मौजूद रहे।








