बागेश्वर। जन शिक्षण संस्थान बागेश्वर के तत्वावधान में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सभागार में कौशल दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक प्रतिनिधि भास्कर दास, रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन इंद्र सिंह फर्स्वाण एवं जन शिक्षण संस्थान के निदेशक डॉ. जितेंद्र तिवारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक पूर्ण कर चुके 120 महिला एवं पुरुष प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। अतिथियों ने सभी लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि कौशल विकास कार्यक्रम आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हैं। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं के लिए ऐसे प्रशिक्षण को आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम बताया।
विधायक प्रतिनिधि भास्कर दास ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित कौशल विकास योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण पहुंचाना है, ताकि युवा और महिलाएं स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बन सकें। रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन इंद्र सिंह फर्स्वाण ने कहा कि प्रशिक्षण के साथ सामाजिक जागरूकता भी आवश्यक है, जिससे लाभार्थी अपने अधिकारों, क्षमताओं और जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से समझ सकें।
जन शिक्षण संस्थान के निदेशक डॉ. जितेंद्र तिवारी ने संस्थान की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जन शिक्षण संस्थान द्वारा जिले में सिलाई, ब्यूटी पार्लर, हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण सहित विभिन्न रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों को रोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाना है।
कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षणार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए जन शिक्षण संस्थान के प्रयासों की सराहना की। समारोह में पूर्व कनिष्ठ प्रमुख सुनीता टम्टा, दयाल कांडपाल, लता लोहनी, हेमा बिष्ट, प्रेमा परिहार सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित रहे।








