logo

सेवा, सुशासन और विकास के संदेश के साथ निकली सेवा ज्योति यात्रा

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को बीडी पांडेय परिसर बागेश्वर में सेवा ज्योति यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
पीडब्ल्यूडी तिराहे से बीडी पांडेय पीजी कॉलेज तक मशाल के साथ सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। यात्रा में सेवा, सुशासन, विकास और आत्मनिर्भर भारत का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद प्रभारी मंत्री एवं शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद प्रभारी मंत्री राम सिंह कैड़ा ने उपस्थित जनसमूह को विकसित भारत@2047 के निर्माण का सामूहिक संकल्प दिलाया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा ही देश की सेवा है और विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। कार्यक्रम में बागेश्वर विधायक पार्वती दास, कपकोट विधायक सुरेश गड़िया, दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट, भूपेश उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस अवसर पर जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गड़िया समेत अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Share on whatsapp