बागेश्वर। मुख्यमंत्री प्रोत्साहन खिलाड़ी योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 के लिए विकासखंड बागेश्वर स्तर पर चयन ट्रायल आयोजित किए गए। 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के चयन के लिए 11 अगस्त को इंडोर स्टेडियम बैजनाथ, खेल मैदान गरुड़ और राइंका कपकोट में विभिन्न खेलों के ट्रायल हुए।
चयन ट्रायल में विकासखंड बागेश्वर, गरुड़ और कपकोट से कुल 565 बालक-बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। इनमें से निर्धारित आयु वर्ग और विभिन्न खेलों में 05-05 बालक एवं बालिका प्रतिभागियों का चयन किया गया, जो आगे जनपद स्तरीय चयन ट्रायल में प्रतिभाग करेंगे।
योजना के तहत चयनित खिलाड़ियों को दो हजार रुपये प्रतिमाह प्रोत्साहन राशि तथा खेल उपकरण खरीदने के लिए 10 हजार रुपये की धनराशि खेल विभाग की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी। योजना के लिए जिले से कुल 100 बालक और 100 बालिकाओं का चयन किया जाना है।
चयन ट्रायल में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, जूडो, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी, टेबल टेनिस और कबड्डी सहित विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों की प्रतिभा का परीक्षण किया गया। खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता जांचने के लिए 30 मीटर फ्लाइंग, मेडिसिन बॉल, 6×10 शटल रन, वर्टिकल जंप और 800 मीटर दौड़ जैसी बैटरी टेस्ट भी कराए गए।
चयन ट्रायल को संपन्न कराने में प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी किरन परिहार, जिला खेल समन्वयक कमलेश तिवारी, गणेश धपोला, राजेंद्र कपकोटी सहित खेल विभाग, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस विभाग के कर्मचारियों ने सहयोग किया।
आयु वर्ग के तहत 14-17, 17-19, 19-21 और 21-23 वर्ष के खिलाड़ियों को शामिल किया गया। चयनित प्रतिभागी अब जनपद स्तरीय चयन ट्रायल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।








