logo

जिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर संघर्ष वाहिनी का आंदोलन जारी, सुधार न होने पर सख्त कदम की चेतावनी

खबर शेयर करें -

बागेश्वर: जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं और जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर संघर्ष वाहिनी का आंदोलन लगातार जारी है। बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर संगठन द्वारा समय-समय पर प्रशासन का ध्यान समस्याओं की ओर आकर्षित किया जा रहा है।
इसी क्रम में संघर्ष वाहिनी ने एक बार फिर अस्पताल की अव्यवस्थाओं को लेकर ज्ञापन सौंपते हुए कई गंभीर मुद्दे उठाए। संगठन के जिलाध्यक्ष कवी जोशी के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में मरीजों को हो रही परेशानियों और अस्पताल की मौजूदा स्थिति को विस्तार से रखा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि अस्पताल में चिकित्सकों की कमी, विशेषज्ञ सेवाओं का अभाव, जांच सुविधाओं में अनियमितता और मूलभूत व्यवस्थाओं की कमी के चलते मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा वार्डों की स्थिति, साफ-सफाई, दवाइयों की उपलब्धता और आपातकालीन सेवाओं में सुधार की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
संघर्ष वाहिनी का कहना है कि लगभग एक सप्ताह पूर्व भी संगठन द्वारा इसी मुद्दे को लेकर ज्ञापन सौंपा गया था, जिसके बाद कुछ हद तक सुधार देखने को मिला, लेकिन अभी भी कई समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
इसी कड़ी में संगठन के पदाधिकारियों ने आज जिला अस्पताल के सीएमएस से मुलाकात कर समस्याओं से अवगत कराया और शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन को आगे और सख्त कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
संघर्ष वाहिनी के इस आंदोलन से एक बार फिर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर सवाल खड़े हो गए हैं, वहीं अब प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Share on whatsapp