logo

जमीन पर कब्जे के विरोध में पूर्व सैनिक का अनिश्चितकालीन धरना, संघर्ष वाहिनी ने दिया समर्थन

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। अपनी पुश्तैनी जमीन पर कथित कब्जे का आरोप लगाते हुए 26 वर्षों तक देश की सेवा कर चुके पूर्व सैनिक महिपाल सिंह रावत ने न्याय की मांग को लेकर सोमवार से कलक्ट्रेट परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। उनके साथ भतीजे संजय भी धरने पर बैठे हैं। पूर्व सैनिक का कहना है कि पिछले एक महीने से वह तहसील और जिला प्रशासन के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिला। वहीं, संघर्ष वाहिनी ने भी उनके आंदोलन को समर्थन देते हुए प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
मजगांव निवासी महिपाल सिंह रावत ने बताया कि उन्होंने 9 जुलाई को उपजिलाधिकारी कांडा को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोग उनकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। शिकायत के बाद उन्होंने 11 जुलाई को भूमि की पैमाइश (तपसीस) के लिए दो हजार रुपये का ऑनलाइन चालान भी जमा किया। उनका आरोप है कि इसके बावजूद तहसील प्रशासन ने संबंधित भूमि को राज्य सरकार की भूमि बताते हुए केवल मौखिक रूप से निर्माण कार्य रोकने की बात कही, लेकिन कथित कब्जाधारकों का काम लगातार चलता रहा।
पूर्व सैनिक ने बताया कि न्याय की उम्मीद में उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसके बाद 22 जुलाई को जिलाधिकारी कार्यालय में भी शिकायत दी। उनका कहना है कि करीब 11 दिन बाद राजस्व विभाग की टीम गांव पहुंची, लेकिन फिर से भूमि को सरकारी बताते हुए लौट गई। 30 जुलाई को उन्होंने दोबारा मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
महिपाल सिंह रावत का दावा है कि गांव में लगभग 150 नाली भूमि उनके और उनके दो भाइयों के नाम पर दर्ज है तथा विवादित भूमि की देखरेख उनका परिवार पिछले करीब 60 वर्षों से करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
धरने को समर्थन देने के लिए संघर्ष वाहिनी के अध्यक्ष कवि जोशी, अंकुर उपाध्याय, नवीन जोशी और वीरेंद्र नेगी भी कलक्ट्रेट पहुंचे। संगठन के पदाधिकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पूर्व सैनिक की मांगों का समर्थन किया और मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि पूर्व सैनिक को शीघ्र न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  जिलाधिकारी ने लोहारी–सिल्लीबंड–कन्स्यारी मोटरमार्ग का किया निरीक्षण,एक माह में कॉजवे का कार्य पूरा करने के निर्देश
Ad
Share on whatsapp