बागेश्वर संघर्ष वाहिनी ने जनपद में बढ़ती अपराधिक घटनाओं तथा छात्र नेता अंकुर उपाध्याय पर घात लगाकर किए गए हमले के विरोध में गांधी पार्क में सांकेतिक धरना देने का निर्णय लिया था। हालांकि प्रदर्शन शुरू होने से पूर्व संगठन के पदाधिकारी कोतवाली पहुंचे और प्रभारी निरीक्षक से वार्ता की।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ने बताया कि जीवन कनौली, पवन दानू, विनोद दानू एवं एक अन्य आरोपी के खिलाफ धारा 118(1), 351(2), 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद धारा 325 जोड़ी गई है। उन्होंने कहा कि बरेली से मिलने वाली मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धाराएं और बढ़ाई जा सकती हैं। पुलिस टीम लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि बागेश्वर में अपराधियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
संघर्ष वाहिनी जिलाध्यक्ष कवि जोशी ने बताया कि कोतवाल से वार्ता के बाद संगठन एवं अंकुर उपाध्याय का परिवार संतुष्ट है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो संघर्ष वाहिनी उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।
बैठक में जिलाध्यक्ष कवि जोशी, जिला कोषाध्यक्ष सुनील पांडेय, जिला महासचिव नवनीत बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष पंकज परिहार, सोशल मीडिया प्रभारी विनोद थापा, जिला सचिव नागेंद्र मनवाल सहित विजय परिहार, संजय उपाध्याय, मौली थापा, आशीष पल, धीरज उपाध्याय, जुनेद मोहम्मद, रिजवान खान, आशीष अंडोला, मनोज जोशी, मोनिश खान, राहुल वाल्मीकि, आशीष वाल्मीकि, अनिल चौबे, विशाल रावत आदि मौजूद रहे।








