बागेश्वर। राजकीय इंटर कॉलेज खुनौली में गुरुवार को विद्यार्थियों को आधुनिक एवं तकनीकी शिक्षा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए कंप्यूटर लैब का शुभारंभ किया गया। लैब का शुभारंभ पूर्व प्रधान व भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जिलाध्यक्ष अरुण कुमार ने किया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कंप्यूटर लैब के लिए ब्लॉक प्रमुख दीपा आर्या की ओर से विद्यालय को तीन कंप्यूटर उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं विद्यालय के सहायक अध्यापक संगम साह ने लैब के लिए मैट एवं पर्दे उपलब्ध कराकर सहयोग किया।
शुभारंभ के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्षअरुण कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में कंप्यूटर और डिजिटल तकनीक शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बन चुके हैं। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी आधुनिक तकनीक सीखने के पर्याप्त अवसर मिलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में कंप्यूटर लैब की सुविधा उपलब्ध होने से छात्र-छात्राओं को कंप्यूटर का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होगा।
सहायक अध्यापक संगम साह ने विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि आज शिक्षा से लेकर रोजगार तक कंप्यूटर ज्ञान की उपयोगिता बढ़ती जा रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से लैब का नियमित रूप से उपयोग करने तथा कंप्यूटर के माध्यम से अपने ज्ञान एवं कौशल को विकसित करने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्य ललित प्रसाद आर्या ने विद्यालय में कंप्यूटर लैब की सुविधा उपलब्ध होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सहयोग के लिए ब्लॉक प्रमुख दीपा आर्या एवं सहायक अध्यापक संगम साह का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कंप्यूटर लैब का लाभ विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान खुनौली, ग्राम प्रधान भतौड़ा, विवेकानंद टम्टा,प्रकाश चंद्र,नंदकिशोर,कुंवर राम, हरीश शाही, पूजा साह, रश्मि लोहनी, बबीता दानू,रश्मि पांडे,हेमा तिवारी,मुकेश कुमार सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







