बागेश्वर। सेना से सेवानिवृत्त होकर भी देशसेवा का जज़्बा जिनके भीतर जीवित है, ऐसे ही प्रेरक व्यक्तित्व हैं लांस नायक (सेवानिवृत्त) जगदीश चंद्र जोशी। समाजसेवा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें कर्नल ऑफ द कुमाऊँ एंड नागा रेजिमेंट की ओर से प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया है।
यह सम्मान उन्हें वर्ष 2025 में पर्यटन और सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय सेवाएँ देने पर दिया गया। रेजिमेंट की ओर से जारी प्रशंसा पत्र में कहा गया है कि जोशी ने सेवा काल में प्रदर्शित अनुशासन, निष्ठा और समर्पण को नागरिक जीवन में भी जारी रखते हुए समाज के उत्थान के लिए सराहनीय प्रयास किए हैं। उनके कार्यों ने रेजिमेंट की गौरवशाली परंपरा को और ऊँचा किया है।
प्रशंसा पत्र पर लेफ्टिनेंट जनरल आर. सी. तिवारी, कर्नल ऑफ द रेजिमेंट, के हस्ताक्षर हैं। इसमें जोशी के सामाजिक योगदान को उत्कृष्ट और अनुकरणीय बताते हुए उनकी सेवाओं की प्रशंसा की गई है। सम्मान प्राप्त करने पर जोशी ने कहा कि कुमाऊँ रेजिमेंट ने हमें देश और समाज के प्रति समर्पण का जो संस्कार दिया, वही मेरी प्रेरणा है। यह सम्मान मेरे साथ-साथ रेजिमेंट के हर सैनिक को समर्पित है। उनके इस सम्मान से पूरे बागेश्वर क्षेत्र में गर्व और प्रसन्नता का माहौल है। स्थानीय लोगों और पूर्व सैनिक संगठन के सदस्यों ने भी जोशी को बधाई देते हुए कहा कि उनका यह सम्मान पूरे जिले के लिए गौरव की बात है।








