बागेश्वर। 8 सितंबर को विकास भवन रोड के पास सरयू नदी में एक व्यक्ति के बहने की सूचना मिलने के बाद उसकी सकुशल बरामदगी के लिए रेस्क्यू और सर्च अभियान लगातार जारी है।
DCR के माध्यम से सूचना प्राप्त होने के बाद पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेंद्र मेहरा (IPS) के निर्देश पर SDRF, फायर सर्विस और जनपद पुलिस की संयुक्त रेस्क्यू टीम गठित की गई। टीम द्वारा नदी के संभावित क्षेत्रों में लगातार तलाश की जा रही है।
इसी क्रम में 10 सितंबर को संयुक्त टीम ने विकास भवन रोड, अग्निकुंड पुल, सामण पुल, बिलोना समेत सरयू नदी के किनारे के विभिन्न संभावित स्थानों पर व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। टीमों ने नदी किनारे और संभावित स्थानों पर गहनता से तलाश की, लेकिन देर शाम तक लापता व्यक्ति का कोई पता नहीं चल सका।
पुलिस के अनुसार, व्यक्ति की तलाश के लिए सर्च अभियान लगातार जारी है।
बागेश्वर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि उक्त व्यक्ति के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त होती है तो तत्काल प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बागेश्वर: 9411112912 अथवा पुलिस जिला नियंत्रण कक्ष: 9411112983 पर सूचना दें।








