रतमोली के डबोली आमखेत में सड़क की स्थिति चिंताजनक, ग्रामीणों में अनहोनी की आशंका
जिला पंचायत सदस्य ने शासन-प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर सुरक्षात्मक कार्य कराने की उठाई मांग
कांडा: जिला पंचायत क्षेत्र जेठाई की ग्राम पंचायत रतमोली के तोक डबोली आमखेत में मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति के चलते सड़क के नीचे बने आवासीय मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और चिंताजनक होने से ग्रामीणों में किसी अनहोनी को लेकर भय बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि मोटर मार्ग की स्थिति लंबे समय से चिंता का कारण बनी हुई है। सड़क के नीचे स्थित मकानों की सुरक्षा को लेकर परिवारों को हर समय खतरे की आशंका सता रही है। बारिश के दौरान खतरा और बढ़ने की संभावना को देखते हुए ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से तत्काल मामले का संज्ञान लेने की मांग की है।
ग्रामीणों ने कहा कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर सड़क और उसके नीचे स्थित मकानों की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण करना चाहिए। साथ ही खतरे को देखते हुए आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य कराए जाने चाहिए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना को समय रहते रोका जा सके।
जिला पंचायत सदस्य गोपा धपोला ने भी शासन-प्रशासन से रतमोली के डबोली आमखेत मोटर मार्ग की स्थिति का संज्ञान लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सड़क के नीचे कई आवासीय मकान हैं, इसलिए ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभाग को तत्काल मौके का निरीक्षण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य नहीं कराए गए तो बरसात के दौरान स्थिति गंभीर हो सकती है।
ग्रामीण भरत सिंह बझेटा, प्रमोद बनकोटी और भगवत सिंह ने भी प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि किसी बड़ी घटना का इंतजार करने के बजाय समय रहते सड़क की स्थिति सुधारने और मकानों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाने जरूरी हैं।








