वित्तीय वर्ष 2023-24 से भुगतान अटका, आर्थिक संकट से जूझ रहे ठेकेदार
बागेश्वर, संवाददाता। जल जीवन मिशन के तहत जिले में जल निगम, जल संस्थान और सिंचाई विभाग के माध्यम से कराए गए निर्माण कार्यों का लंबे समय से भुगतान नहीं होने पर ठेकेदारों में आक्रोश है। लंबित भुगतान जल्द जारी करने की मांग को लेकर सिविल कॉन्ट्रेक्टर्स सोसायटी जिला बागेश्वर ने जिला कार्यालय में प्रदर्शन कर धरना दिया।
सोसायटी के अध्यक्ष गंगा सिंह कोरंगा ने कहा कि पेयजल योजनाओं से जुड़े कई निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं। योजनाओं का मूल्यांकन और हस्तांतरण समेत आवश्यक औपचारिकताएं भी पूरी की जा चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद वित्तीय वर्ष 2023-24 से ठेकेदारों का भुगतान लंबित है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से भुगतान नहीं मिलने के कारण ठेकेदार आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। मजदूरों की मजदूरी, निर्माण सामग्री और अन्य खर्चों का भुगतान करना मुश्किल हो गया है। कई बार संबंधित विभागों से भुगतान जारी करने की मांग की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
सोसायटी पदाधिकारियों ने कहा कि ठेकेदारों ने योजनाओं को समय पर पूरा कर अपनी जिम्मेदारी निभाई है। ऐसे में कार्यों की सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद भी भुगतान रोके रखना उचित नहीं है। उन्होंने शासन-प्रशासन से लंबित भुगतान जल्द जारी कराने की मांग की।
ठेकेदारों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो जिला मुख्यालय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। सोसायटी की बैठक में भी इस संबंध में आंदोलन की रणनीति तय की गई है। ठेकेदारों ने कहा कि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।








