बागेश्वर गरुड़। क्षेत्र के दूरस्थ गांवों को अब बेहतर सड़क सुविधा मिलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत 78.90 लाख रुपये की लागत से बनने वाले शांतिबाजार–मठखाल तल्लीडोबा मोटरमार्ग का शिलान्यास एवं भूमि पूजन दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट तथा विधायक पार्वती दास ने संयुक्त रूप से किया।
लंबे समय से मठखाल और तल्लीडोबा के ग्रामीण इस सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों की इस मांग को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सड़क निर्माण की घोषणा की थी, जिसके बाद अब कार्य की शुरुआत हो गई है।
शिलान्यास के अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी और दूरस्थ गांव मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे। इससे न केवल दैनिक जीवन आसान होगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट और विधायक पार्वती दास ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में दूर-दराज के गांवों तक सड़क, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा किया जाएगा।
सड़क निर्माण के शिलान्यास पर क्षेत्र के ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्य, ब्लॉक प्रमुख किशन सिंह बोरा, जिला पंचायत सदस्य बबलू नेगी, जनार्दन लोहुमी, क्षेत्र पंचायत सदस्य भगवान राणा, भाजपा जिला महामंत्री घनश्याम जोशी, जेसी आर्य, विधायक प्रतिनिधि भास्कर दास, मंडल अध्यक्ष सुनील दोसाद, संजय जोशी, हरीश रावत, विपिन तिवारी, बाला दत्त भट्ट सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।








