होटल-ढाबों में चलाया चेकिंग अभियान, बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन पर पुलिस का जोर
बागेश्वर। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ बागेश्वर पुलिस की कार्रवाई जारी है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 23 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। वहीं, सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने और बिना पुलिस सत्यापन के रहने वाले 16 व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत चालान किए गए।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा के निर्देशन में 21 अक्टूबर को चलाए गए अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इनमें एक वाहन का चालान न्यायालय के लिए किया गया।
होटल-ढाबों में देर शाम तक चेकिंग
पुलिस ने देर शाम ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत होटल और ढाबों में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बाहरी क्षेत्रों से आए व्यक्तियों के सत्यापन की जांच की गई। पुलिस ने पहचान छिपाकर या वेश बदलकर रहने वाले संदिग्ध व्यक्तियों को चिह्नित करने के उद्देश्य से चेकिंग तेज की है। साथ ही बिना पुलिस सत्यापन के रह रहे लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की अपील, शांति व्यवस्था बनाए रखें
बागेश्वर पुलिस ने आम जनता से सार्वजनिक स्थानों पर शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से शराब पीकर वाहन चलाने, हुड़दंग करने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियों से दूर रहने को कहा है। इसके साथ ही कहीं भी अशांति या हुड़दंग की स्थिति दिखाई देने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।
पुलिस के अनुसार, जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।







