बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों का सत्यापन कराने के निर्देश, सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे चालू रखने को कहा
बागेश्वर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बागेश्वर पुलिस ने चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को कोतवाली बागेश्वर पुलिस ने क्षेत्र के बैंकों, एटीएम, वित्तीय संस्थानों और सर्राफा दुकानों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान व्यापारियों और बैंक प्रबंधकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने व्यापारियों और बैंक प्रबंधकों को निर्देश दिए कि वे अपने प्रतिष्ठानों में किसी भी बाहरी व्यक्ति को नौकरी या व्यवसाय से जोड़ने से पहले उसका पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं। इसके साथ ही मकान मालिकों से भी किरायेदारों का सत्यापन कराने को कहा गया।
सीसीटीवी की निगरानी पर जोर
पुलिस ने सभी व्यापारिक और वित्तीय प्रतिष्ठानों को परिसर के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे चौबीसों घंटे चालू रखने के निर्देश दिए। साथ ही कैमरों की रिकॉर्डिंग और वीडियो बैकअप को दुरुस्त रखने को कहा, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में फुटेज की मदद ली जा सके।
संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के निर्देश
बैंक, एटीएम और सर्राफा दुकानों के आसपास अनावश्यक रूप से घूमने वाले तथा संदिग्ध गतिविधियों में शामिल दिखाई देने वाले व्यक्तियों पर सतर्क नजर रखने को कहा गया। पुलिस ने व्यापारियों और आम लोगों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल कोतवाली बागेश्वर को दें।
पुलिस के अनुसार, आम जनता और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चेकिंग अभियान और सत्यापन की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है।







