बागेश्वर : बागेश्वर जनपद के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में तेंदुए के बढ़ते आतंक को लेकर ज्येष्ठ प्रमुख मनीष कुमार ने प्रभागीय वन अधिकारी, बागेश्वर को एक ज्ञापन सौंपकर स्थिति से अवगत कराया। ज्ञापन में उन्होंने बताया कि विगत कुछ दिनों से उनके क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत खर्कटम्टा, पाटली, चौगावछीना, सैंमधार एवं बोरगांव में तेंदुए की गतिविधियां लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया कि तेंदुआ दिन के समय भी बेखौफ होकर गांवों में प्रवेश कर रहा है। दोपहर 2 से 3 बजे के बीच घरों के आसपास आंगनों से बकरियों सहित अन्य पालतू पशुओं का शिकार किए जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इससे ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न हो गई है।
ज्येष्ठ प्रमुख मनीष कुमार ने बताया कि वर्तमान में विद्यालयों की छुट्टी शाम 4 बजे होती है, जिसके चलते स्कूली बच्चों और आम जनता के साथ किसी भी समय बड़ी अप्रिय घटना घटित होने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो किसी भी दुर्घटना की जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। इस गंभीर स्थिति पर संज्ञान लेते हुए प्रभागीय वन अधिकारी, बागेश्वर ने ज्येष्ठ प्रमुख को आश्वस्त किया कि कल से प्रभावित क्षेत्रों में रात्रि गश्त प्रारंभ की जाएगी। साथ ही तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग द्वारा कैमरा ट्रैप लगाए जाएंगे, ताकि तेंदुए की सटीक लोकेशन का पता लगाकर उसे जल्द पकड़कर क्षेत्र को सुरक्षित किया जा सके। वन विभाग द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद ग्रामीणों को कुछ राहत मिली है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जब तक तेंदुआ पकड़ा नहीं जाता, तब तक गश्त और निगरानी लगातार जारी रखी जाए, ताकि जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।








