बागेश्वर। कपकोट वन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मल्लादेश में रेंज दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वन क्षेत्राधिकारी रमेश चन्द्र जोशी ने की। इस दौरान विभिन्न वन पंचायतों से आए ग्राम प्रधानों, सरपंचों एवं ग्रामीणों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना गया तथा मौके पर ही उनका पंजीकरण किया गया। रेंज दिवस के दौरान आमजन द्वारा वन्यजीवों से फसलों एवं संपत्ति को हो रहे नुकसान को लेकर शिकायतें दर्ज कराई गईं। कुछ मामलों में तत्काल समाधान किया गया, जबकि शेष शिकायतों को दर्ज कर संबंधित कर्मचारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर वन क्षेत्राधिकारी रमेश चन्द्र जोशी ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जन समस्याओं का समाधान वन विभाग की प्राथमिकता है। वन संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीणों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। विभाग और ग्रामीणों के आपसी सहयोग से ही वन एवं वन्यजीव संरक्षण संभव है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या या सूचना समय रहते विभाग को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान व सरपंच मल्लादेश एवं झोपड़ा, सहित संबंधित समस्त विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। रेंज दिवस के आयोजन से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिला, जिससे समाधान प्रक्रिया में तेजी आई।








