बागेश्वर/कपकोट। कपकोट विधानसभा के दुगनाकुरी क्षेत्र की ग्राम सभा वडयूडा में भारी बारिश से हुए नुकसान का पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और नुकसान की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान स्वर्गीय सुंदर राम के आवासीय मकान, कीड़ी देवी के आवासीय मकान तथा खुशाल राम और रमेश राम के मकानों में बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया गया। इसके अलावा हरू सैम मंदिर परिसर में आपदा से हुए नुकसान का भी निरीक्षण किया।
हरीश ऐठानी ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि नुकसान का उचित आकलन कर नियमानुसार मुआवजा दिलाने के लिए शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से मामला उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में प्रभावितों को तत्काल राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि वडयूडा क्षेत्र स्पेशल कंपोनेंट प्लान के साथ ही खनन प्रभावित क्षेत्र में भी आता है, लेकिन इसके बावजूद ग्रामीणों को इन मदों का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने क्षेत्र के विकास और आपदा प्रभावित परिवारों की मदद के लिए इन मदों का नियमानुसार उपयोग सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
ऐठानी ने बताया कि जल्द ही जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी से मुलाकात कर प्रभावित परिवारों के नुकसान का उचित आकलन, राहत एवं मुआवजा तथा स्पेशल कंपोनेंट प्लान और खनन न्यास की योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं और उनके अधिकार व उचित मुआवजे के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।
इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि कुंदन प्रसाद, प्रमोद उपाध्याय, गणेश सुरकाली, विक्रम सुरकाली, खुशाल राम, सुरेंद्र कुमार, मदन गोस्वामी, राजेंद्र प्रसाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।








