logo

गैराज में वाहन धुलवाने गए युवक पर धारदार हथियार से हमला गर्दन, छाती और सिर में चोट

खबर शेयर करें -

गैराज में वाहन धुलवाने गए युवक पर धारदार हथियार से हमला
गर्दन, छाती और सिर में चोट; हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच
कपकोट। कपकोट थाना क्षेत्र के खाईबगड़ में गैराज में वाहन धुलवाने गए एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में युवक के गर्दन, छाती और सिर में चोटें आई हैं। गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। घायल के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बलवंत सिंह ऐठानी ने शिकायत में बताया कि उसका भाई बहादुर सिंह उर्फ बबली खाईबगड़ स्थित एक गैराज में गाड़ी धुलवाने गया था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद चीरा बगड़ निवासी प्रहलाद सिंह कपकोटी ने उसके भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में बहादुर सिंह के गर्दन, छाती और सिर में चोटें आईं।
घायल की बाईं आंख के ऊपर दो टांके लगाए गए हैं, जबकि दाईं आंख के अंदर भी घाव होने की बात सामने आई है। घटना के बाद परिजन घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घायल के भाई बलवंत सिंह ने आरोप लगाया कि उसके भाई को पूर्व में भी आरोपी की ओर से जान से मारने की धमकी दी जाती रही है। उन्होंने आरोपी पर मैसेज के माध्यम से धमकी देने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हमले के बाद बहादुर सिंह को सांस लेने में भी परेशानी हो रही है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मामले की विवेचना कर रहे उप निरीक्षक विवेक भट्ट ने बताया कि घायल के भाई बलवंत सिंह के शिकायती प्रार्थना पत्र के आधार पर आरोपी प्रहलाद सिंह कपकोटी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 56/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 352, 351(3) और 131 के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।
उप निरीक्षक विवेक भट्ट ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  नेपाल में जलप्रलय के बाद कपकोट प्रशासन अलर्ट, नेपाल में मौजूद कमलेश के सुरक्षित होने की पुष्टि
Ad Ad
Share on whatsapp